रतलाम के महेश सेन चौहान राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री द्वारा मेडल और प्रशस्तिपत्र से सम्मानित

गणतंत्र दिवस परेड 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश का नाम गौरवान्वित किया
रतलाम। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवक महेश सेन चौहान ने गणतंत्र दिवस परेड 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय, विश्वविद्यालय तथा मध्यप्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। परेड शिविर से लौटने के उपरांत उन्हें मंगुभाई पटेल (राज्यपाल), मोहन यादव (मुख्यमंत्री) एवं इंदर सिंह परमार (उच्च शिक्षा मंत्री) द्वारा मेडल और प्रशस्तिपत्र से सम्मानित किया गया।
महेश, सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम में एम.ए. तृतीय सेमेस्टर (समाजशास्त्र) के छात्र हैं। गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयन प्रक्रिया अगस्त 2025 से प्रारंभ हुई, जो महाविद्यालय, जिला, विश्वविद्यालय, राज्य तथा जोन स्तर से होती हुई अंतिम चरण तक पहुँची। देशभर के लगभग 40 लाख स्वयंसेवकों में से 200 प्रतिभागियों का चयन किया गया, जिनमें से 148 स्वयंसेवकों को राष्ट्रपति सलामी दल में स्थान प्राप्त हुआ।

महेश ने कर्तव्य पथ पर सातवीं फाइल में बाएँ से द्वितीय गार्ड के रूप में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सलामी देने का गौरव प्राप्त किया। एक जनवरी से 31 जनवरी तक नई दिल्ली में आयोजित शिविर के दौरान उन्हें दिल्ली तथा आगरा भ्रमण का अवसर भी प्राप्त हुआ। 26 जनवरी के उपरांत खेल एवं युवा कल्याण मंत्री द्वारा रात्रि भोज का आयोजन किया गया तथा राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के साथ संवाद एवं छायाचित्र सत्र का अवसर मिला।
महेश का चयन उनके प्रभावशाली शारीरिक व्यक्तित्व, अनुशासित परेड प्रदर्शन, उत्कृष्ट साक्षात्कार तथा मध्यप्रदेश की कला-संस्कृति में सक्रिय सहभागिता के आधार पर किया गया। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकों, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, जिला संगठक, विश्वविद्यालय समन्वयक, मित्रों एवं सह-स्वयंसेवकों को दिया है।
यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय बल्कि संपूर्ण क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
