बैंक कॉलोनी में जर्जर सड़क से बढ़ रही परेशानी

नागरिकों ने कलेक्टर से की मरम्मत की मांग
रतलाम। शहर के दो बत्ती स्थित बैंक कॉलोनी में वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ी सड़क नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि खराब सड़क के कारण वाहन चालकों, पैदल राहगीरों, बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
वर्षा ऋतु में सड़क पर जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे फिसलन और गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। क्षेत्रवासियों के अनुसार इस समस्या को लेकर पूर्व में भी कई बार संबंधित विभागों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
क्षेत्र के नागरिकों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क का सुधार नहीं किया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क की मरम्मत एवं निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
