राजनीतिसैलाना

सैलाना में बस स्टैंड स्थित दुकानों को हटाने पर व्यापारियों में आक्रोश विधायक कमलेश्वर डोडियार को सौंपा ज्ञापन

सैलाना। नगर परिषद सैलाना द्वारा बस स्टैंड स्थित सुलभ कॉम्पलेक्स लाइन की दुकानों को हटाने और अन्य स्थान पर शिफ्ट करने की तैयारी को लेकर स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में प्रभावित व्यापारियों ने विधानसभा क्षेत्र सैलाना के विधायक कमलेश्वर डोडियार को विस्तृत आवेदन सौंपकर कार्रवाई पर रोक लगाने और दुकानों को यथास्थिति में बनाए रखने की मांग की है।

व्यापारियों का आरोप है कि नगर परिषद द्वारा लंबे समय से मौखिक रूप से दुकानों को हटाने की बात कही जा रही थी और अब दुकानों को खाली करने संबंधी सूचना पत्र जारी करने की तैयारी की जा रही है। उनका कहना है कि परिषद दुकानों को तोड़कर बस स्टैंड का विस्तार करना चाहती है तथा नई दुकानों का निर्माण वर्तमान स्थान से करीब 400 से 500 फीट दूर उत्तर-दक्षिण दिशा में प्रस्तावित किया जा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान में उनकी दुकानें बस स्टैंड के समीप होने से व्यापार सुचारू रूप से चलता है लेकिन दूर स्थान पर दुकानें मिलने से ग्राहकों की आवाजाही कम होगी और व्यवसाय प्रभावित होगा।

ज्ञापन में व्यापारियों ने यह भी उल्लेख किया है कि उनकी दुकानें किसी भी प्रकार से जर्जर या जीर्ण-शीर्ण अवस्था में नहीं हैं। उनका आरोप है कि बस स्टैंड परिसर में कुछ अन्य दुकानें उनसे भी पुरानी और खराब हालत में हैं लेकिन उन्हें हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। व्यापारियों ने इसे राजनीतिक द्वेष और निजी स्वार्थ से प्रेरित कार्रवाई बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

व्यापारियों ने नगर परिषद पर आरोप लगाया है कि आगामी सिंहस्थ मेले का हवाला देकर बस स्टैंड विस्तार की योजना बनाई जा रही है जबकि सिंहस्थ उज्जैन में आयोजित होता है और सैलाना से उज्जैन के लिए सीधी परिवहन व्यवस्था भी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में बसों की संख्या बढ़ने जैसी स्थिति बनने पर बायपास क्षेत्र में पर्याप्त शासकीय भूमि उपलब्ध है जहां बस स्टैंड का विस्तार किया जा सकता है।

व्यापारियों का कहना है कि यदि दुकानों का पुनर्निर्माण आवश्यक है तो नियमानुसार उसी स्थान पर किया जाना चाहिए। साथ ही निर्माण अवधि के दौरान वैकल्पिक दुकानों की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए जिससे उनकी आजीविका प्रभावित न हो।

व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में अतिक्रमण मुहिम के नाम पर उनकी दुकानों के ओटले तोड़कर उन्हें परेशान किया गया और लगातार दुकान खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं।

ज्ञापन में श्रीमती सुशीला बोराना, श्रीमती सुभद्रा चंडालिया, रमेशचंद्र बाफना, अनिल मांडोत, रितेश मांडोत, संजय बोराना, शांतिबाई चौहान, अक्रम खान तथा नाथूलाल गवली सहित अन्य व्यापारियों ने बताया कि वे पिछले करीब 30 वर्षों से बस स्टैंड परिसर में दुकानें संचालित कर रहे हैं। व्यापारी नियमित रूप से नगर परिषद को किराया एवं टैक्स अदा करते आ रहे हैं और यही दुकानें उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन हैं। कई व्यापारियों ने मकान निर्माण व अन्य जरूरतों के लिए बैंक से ऋण भी ले रखा है, जिसकी किश्तें दुकान से होने वाली आय से ही चुकाई जा रही हैं।

1प्रार्थीगण ने सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार से मांग की है कि नगर परिषद द्वारा प्रस्तावित कार्रवाई को तत्काल रोका जाए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए तथा व्यापारियों की दुकानों को यथास्थिति में संचालित रहने दिया जाए। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी आजीविका प्रभावित होती है तो इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। इस विषय पर सैलाना नगर परिषद के अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला क्या कहते है जानने के लिए दी गई लिंक पर क्लिक करे 👇👇👇

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *