मध्य प्रदेशरतलामराजनीतिसैलाना

Watch Video : MP राज्यसभा चुनाव में आदिवासी राजनीति : कमलेश्वर डोडियार का मास्टर स्ट्रोक

MP राज्यसभा चुनाव में नया मोड़ : भाजपा और कांग्रेस को घेरा उन्ही के खेल में

भाजपा हो या कांग्रेस दोनों पार्टिया खुद को आदिवासियों का हितेषी और एक दूसरों को आदिवासियों का दुशमन बताती हैं। ऐसे में होने वाले मध्य प्रदेश में आगामी राज्यसभा के चुनाव में भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर ने प्रधानमंत्री मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी को पत्र लिख बाप पार्टी द्वारा उतारे जाने वाले आदिवासी उम्मीदवारों को समर्थन देने की मांग की हैं। मजेदार बात यह है कि मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीट पर चुनाव होने जा रहे जिसमे दो भाजपा के पाले में आसानी से और एक सीट बड़ी मुश्किल से कांग्रेस की ओर खींचती हुई दिख रही है।

भोपाल/रतलाम। मध्य प्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। तीन सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने भी मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है। सैलाना (रतलाम) से विधायक कमलेश्वर डोडियार ने न सिर्फ अपनी पार्टी का उम्मीदवार उतारने की घोषणा की, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी सहित देश के शीर्ष नेताओं को पत्र लिखकर समर्थन भी मांगा है।

दरअसल, राज्यसभा की जिन तीन सीटों पर चुनाव होना है, उनमें बीजेपी के केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन, डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी और कांग्रेस के दिग्विजय सिंह का कार्यकाल 19 जून 2026 को समाप्त हो रहा है। विधानसभा में 163 विधायकों के साथ मजबूत स्थिति में खड़ी बीजेपी की दो सीटें लगभग तय मानी जा रही हैं, लेकिन कांग्रेस की एकमात्र सीट पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।

कांग्रेस के पास फिलहाल 63 विधायक हैं, जबकि एक सीट जीतने के लिए 58 वोट जरूरी हैं। ऐसे में क्रॉस वोटिंग या अनुपस्थिति की स्थिति में कांग्रेस की सीट फिसल सकती है। हाल के अन्य राज्यों में हुए क्रॉस वोटिंग के उदाहरणों ने इस खतरे को और बढ़ा दिया है।

इसी बीच BAP विधायक कमलेश्वर डोडियार ने अलग रणनीति अपनाते हुए अपनी दावेदारी पेश की है।

उन्होंने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस दोनों आदिवासी इलाकों में जाकर वोट मांगते हैं और उनके हितों की बात करते हैं, ऐसे में अब उन्हें आदिवासी समाज की आवाज राज्यसभा तक पहुंचाने के लिए BAP उम्मीदवार का समर्थन करना चाहिए।

डोडियार ने 19 मार्च 2026 को अपने आधिकारिक लेटरहेड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी और नेता प्रतिपक्ष सहित कई बड़े नेताओं को पत्र भेजे हैं। इन पत्रों में उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत आदिवासी पार्टी देशभर में आदिवासी समाज के अधिकार, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लिए कार्य कर रही है और राज्यसभा में प्रतिनिधित्व चाहती है।

पत्र में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पार्टी का प्रभाव राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में है, और संसद में प्रतिनिधि पहुंचने से आदिवासी मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी दलों से अपने विधायकों को BAP उम्मीदवार के समर्थन के निर्देश देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *