रतलाम

रतलाम में कावड़ियों का अनोखा स्वागत, लायंस क्लब ने बांटी ‘सीड बॉल’; शिवभक्ति के साथ दिया हरियाली का संदेश

शब्द एक्सक्लूसिव

रतलाम। सावन माह में शिवभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम देखने को मिला। लायंस क्लब ऑफ रतलाम गोल्ड ने कावड़ यात्रा पर निकले 500 से अधिक कावड़ियों का श्रद्धा एवं उत्साह के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर यात्रियों को ‘सीड बॉल’ (बीज के गोले) वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

क्लब द्वारा आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य धार्मिक आस्था को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना था। स्वागत के दौरान कावड़ियों को पर्यावरण संतुलन, वृक्षारोपण और हरित भविष्य के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उनसे आग्रह किया गया कि यात्रा के दौरान अथवा अपने गांव-शहर लौटने के बाद इन सीड बॉल्स को खुले मैदानों, सड़क किनारों, जंगल क्षेत्रों, विद्यालय परिसरों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर डालें, ताकि भविष्य में ये बीज वृक्ष बनकर पर्यावरण को समृद्ध कर सकें।

क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि सीड बॉल अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करना भी है। उनका मानना है कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर हरियाली बढ़ाने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़े परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

इस सेवा एवं जागरूकता अभियान का संचालन लायंस क्लब रतलाम गोल्ड की अध्यक्ष ला. संतोष जोशी, सचिव ला. आरती दीक्षित तथा कोषाध्यक्ष ला. कोमल पोरवाल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में पास्ट प्रेसिडेंट ला. वैशाली माचवे एवं डी.सी. ला. आरती त्रिवेदी सहित क्लब की अन्य सदस्याएं भी उपस्थित रहीं और उन्होंने कावड़ यात्रियों का स्वागत कर उन्हें सीड बॉल वितरित किए।

धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाली इस अनूठी पहल की शहरवासियों द्वारा सराहना की जा रही है। यह आयोजन समाज सेवा, प्रकृति संरक्षण और शिवभक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *