Ratlam News: भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा का रतलाम में भव्य स्वागत, डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण में किया मार्गदर्शन

जोरदार आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों से हुआ अभिनंदन; किसान कल्याण योजनाओं और संगठन सशक्तिकरण पर दिया जोर
रतलाम | ShabdExclusive.com
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिला रतलाम द्वारा प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा के रतलाम प्रथम आगमन पर धराड़ टोल पर भव्य स्वागत किया गया। जिला अध्यक्ष रामसिंह सिसोदिया के नेतृत्व में भाजपा किसान मोर्चा पदाधिकारियों ने पुष्पमालाओं से उनका अभिनंदन किया।
इसके बाद भाजपा कार्यालय, पैलेस रोड पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं किसान मोर्चा की बैठक आयोजित हुई। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पटेल एवं शंकरलाल पाटीदार का भी ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बलराम, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया। अतिथियों का साफा, शॉल और पुष्पमालाओं से सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संगठन को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है और किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि कृषि ऋण के कैश क्रेडिट (CC) खाते में राशि वर्ष में दो बार जमा करने की अनिवार्यता समाप्त कर इसे वर्ष में एक बार करने की स्वीकृति दी गई है, जिससे किसानों को राहत मिलेगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पटेल एवं शंकरलाल पाटीदार ने भी प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और संगठनात्मक मजबूती पर अपने विचार रखे।कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री बद्रीलाल चौधरी ने किया, जबकि आभार कन्हैयालाल पाटीदार ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के जिला एवं मंडल पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
