रतलाम ग्रामीण

मोरवानी में विश्व आदिवासी दिवस की पूर्व संध्या पर सरपंच गीता बाई भाभर का सम्मान

रतलाम, 8 अगस्त। विश्व आदिवासी दिवस की पूर्व संध्या पर ग्राम मोरवानी में सामाजिक संगठनों द्वारा ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती गीता बाई भाभर का बादाम का पौधा भेंट कर सम्मान किया गया। यह सम्मान ग्राम पंचायत में विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि श्रीमती गीता बाई भाभर ने पंचायत क्षेत्र में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में ग्राम पंचायत मोरवानी में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिला है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

इस अवसर पर आयोजकों ने उन्हें उत्कृष्ट कार्यों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य और मंगलमय जीवन की कामना की। विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में बादाम का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

यह सम्मान समारोह जय आदिवासी युवा शक्ति, आदिवासी छात्र संगठन, महाराणा पूंजा भील जनकल्याण संगठन, वीर एकलव्य आदिवासी सामाजिक सेवा संस्थान तथा मध्य प्रदेश अजाक्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में श्रीमती गीता बाई भाभर (सरपंच, ग्राम पंचायत मोरवानी), नागजी भाभर, सुनील सिंगाड़, घनश्याम भाभर, शंकर भाभर, भारती भाभर, युवराज भाभर, मनीषा सिंगाड़ एवं समाजसेवी सुरतलाल डामर सहित अनेक ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

— शब्‍द एक्सक्लूसिव डेस्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *