सैलाना

विधायक के वाहन को टक्कर मारने का प्रयास, डंपर मालिक ने ताबड़तोड़ कटवाई रॉयल्टी

रतलाम जिला खनिज अधिकारी का “पवित्र कारनामा”

सैलाना। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे शिवगढ़ क्षेत्र के खेड़ा गांव के समीप बिना रॉयल्टी गिट्टी से भरे एक डंपर के परिवहन की शिकायत मिलने पर विधायक कमलेश्वर डोडियार ने राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन को सूचना दी। विधायक ने आरोप लगाया कि मामले की जानकारी देने के लिए जिला खनिज अधिकारी को कई बार फोन लगाया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

विधायक के अनुसार, दोपहर करीब 2:45 बजे पुलिस को डंपर में खनिज सामग्री (मुरम/गिट्टी) होने की जानकारी दी गई। इसी बीच डंपर मालिक द्वारा पुलिस के सामने रॉयल्टी संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत कर दिए गए। विधायक डोडियार ने आरोप लगाया कि अवैध खनन एवं परिवहन पर कार्रवाई से बचने के लिए डंपर मालिक ने अधिकारियों की मिलीभगत से आनन-फानन में बैकडेट/तत्काल प्रभाव से रॉयल्टी कटवाई है। इस पूरे घटनाक्रम से खनिज विभाग के अधिकारियों की भूमिका सीधे तौर पर संदेह के घेरे में आ गई है।

विधायक के वाहन को टक्कर मारने का प्रयास

विधायक द्वारा शिवगढ़ थाना प्रभारी को दिए गए लिखित शिकायत पत्र में उल्लेख है कि करीब 1:30 बजे डंपर बिना वैध रॉयल्टी के गिट्टी का परिवहन कर रहा था। शिकायत में यह आरोप भी लगाया गया है कि डंपर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए विधायक के वाहन को टक्कर मारने का प्रयास किया।

विधायक द्वारा शिवगढ़ थाना प्रभारी को दिए गए लिखित शिकायत पत्र में उल्लेख है कि डंपर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए विधायक के वाहन को टक्कर मारने का प्रयास किया।

खनिज अधिकारी की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
विधायक ने रतलाम जिला खनिज अधिकारी पर तीखा तंज कसते हुए कहा, “यह जिला खनिज अधिकारी का ‘पवित्र कारनामा’ है। हमने अवैध गिट्टी परिवहन की शिकायत की थी, लेकिन मैडम ने खनिज माफियाओं के खिलाफ एफआईआर और चालानी कार्रवाई करने की जगह, रॉयल्टी चोरों को बचाने का काम किया। उन्होंने आनन-फानन में दोपहर 2 बजकर 42 मिनट पर डंपर भरकर रवाना होने की रॉयल्टी काटकर क्लीन चिट दे दी; जबकि डंपर और उसका ड्राइवर करीब 12:30 बजे ही रॉयल्टी चोरी कर माल लेकर भाग निकले थे।”

विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रहे अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन को लेकर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो अवैध खनन के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। विधायक ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *