अजाक्स भवन पर भ्रम का अंत; प्रांताध्यक्ष मुकेश मौर्य ने लिया वैधानिक आधिपत्य | AJAKS

महापुरुषों को दी गई श्रद्धांजलि और पूर्व आईएएस अध्यक्षों के छायाचित्र हुए स्थापित
भोपाल/रतलाम। मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिकारी-कर्मचारी संघ (अजाक्स) के शीर्ष नेतृत्व और नवनिर्मित अजाक्स भवन के आधिपत्य को लेकर लंबे समय से चल रहा असमंजस सोमवार को पूरी तरह समाप्त हो गया। शासन, प्रशासन और पुलिस प्रशासन की गरिमामयी मौजूदगी में वैधानिक प्रांताध्यक्ष चौधरी मुकेश मौर्य ने अजाक्स भवन का विधिवत आधिपत्य ग्रहण किया। इसके बाद वे प्रांताध्यक्ष कक्ष में विराजमान हुए और संगठनात्मक गतिविधियों का औपचारिक शुभारंभ किया।
महापुरुषों को नमन और पूर्वजों का सम्मान
भवन का प्रभार लेने के इस ऐतिहासिक अवसर पर सबसे पहले भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
संगठन के गौरवशाली इतिहास को सहेजते हुए, अजाक्स भवन के मुख्य द्वार पर पूर्व प्रांताध्यक्षों के छायाचित्र पूरे सम्मान के साथ स्थापित किए गए। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
स्वर्गीय रघुनाथ प्रसाद (आईएएस)
श्री दाइमा (आईएएस)
डॉ. अमर सिंह (आईएएस)
जे.एन. कंसोटिया (आईएएस)
एकता, अनुशासन और सामाजिक न्याय पर जोर
आधिपत्य ग्रहण करने के तुरंत बाद एक महत्वपूर्ण प्रांतीय बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रांताध्यक्ष चौधरी मुकेश मौर्य ने संगठन की एकजुटता, अनुशासन और विस्तार पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा “अजाक्स समाज के अधिकारी-कर्मचारियों के हितों की रक्षा और सामाजिक न्याय के बड़े उद्देश्यों के लिए सदैव समर्पित रहा है और आगे भी निरंतर कार्य करता रहेगा।” बैठक में संगठन को और अधिक गतिशील बनाने तथा पूरे मध्य प्रदेश में इसकी गतिविधियों को तेज करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में प्रदेशभर के वरिष्ठ पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण अवसर पर अजाक्स के शीर्ष और प्रांतीय पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया, जिनमें मुख्य रूप से शामिल रहे:
प्रांतीय पदाधिकारी:
प्रांतीय उपाध्यक्ष गोवर्धन लाल गुवाहाटीया, प्रांतीय महासचिव एस.डी. वंशकार, प्रांतीय संरक्षक श्यामलाल डोहरिया, प्रांतीय सचिव आर.के. सिंह एवं पवन वर्मा।* क्षेत्रीय व जिला नेतृत्व: इंदौर जिला अध्यक्ष दीपक पगारे और देवास जिला अध्यक्ष नंदलाल हरियाली, पवन वर्मा तहसील अध्यक्ष बड़नगर।
उज्जैन संभाग और रतलाम जिले से मजबूत भागीदारी:
कार्यक्रम में रतलाम जिले और उज्जैन संभाग से भारी संख्या में सदस्य जुटे। इनमें उज्जैन संभाग अध्यक्ष अंबाराम बोस, रतलाम जिला अध्यक्ष कैलाश पग्गी, संभाग उपाध्यक्ष कविता डामोर, सचिव हरीराम ओहरी, प्रेमसिंह कतिजा, कुणाल वर्मा, मानसिंह देवड़ा, राकेश भगोरा, रतनलाल मईड़ा और सूरतलाल डामर सहित कई पदाधिकारियों ने प्रांताध्यक्ष मुकेश मौर्य के नेतृत्व में अजाक्स को और अधिक सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
