IBJA MP President: D.P. Jewellers के अनिल कटारिया फिर बने अध्यक्ष

D.P. Jewellers के फाउंडर अनिल कटारिया को उनके अनुभव और उत्कृष्ट कार्यशैली को देखते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व ने पुनः यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
इंदौर। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद पर अनिल कटारिया को पुनः नियुक्त किया गया है। D.P. Abhushan Limited (D.P. Jewellers) के फाउंडर, प्रमोटर और होल-टाइम डायरेक्टर अनिल कटारिया पूर्व में भी इस पद की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक संभाल चुके हैं। उनके पिछले कार्यकाल के उत्कृष्ट कार्यों और बुलियन-ज्वेलरी उद्योग के प्रति समर्पण को देखते हुए संगठन ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।
राष्ट्रीय नेतृत्व ने व्यक्त किया विश्वास
अनिल कटारिया की पुनर्नियुक्ति पर IBJA के राष्ट्रीय अध्यक्ष पृथ्वीराज कोठारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अक्शा मोहित कांबोज और राष्ट्रीय सचिव सीए सुरेंद्र मेहता सहित पूरी राष्ट्रीय टीम ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं। राष्ट्रीय नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि कटारिया के नेतृत्व में मध्यप्रदेश का सराफा उद्योग और अधिक मजबूत होगा।
जिम्मेदारी मिलने पर अनिल कटारिया ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे प्रदेश के व्यापारियों के हितों, व्यापारिक पारदर्शिता और उद्योग की उन्नति के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
सराफा व्यवसाय का प्रमुख मंच है IBJA
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) देश के बुलियन एवं ज्वेलरी उद्योग का एक शीर्ष संगठन है। यह संस्था व्यापारियों की समस्याओं को सरकार और संबंधित नीति निर्माताओं तक पहुंचाने, व्यापार में पारदर्शिता लाने और सराफा क्षेत्र के संगठित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। अनिल कटारिया की पुनर्नियुक्ति से मध्यप्रदेश के ज्वेलर्स और बुलियन व्यापारियों में उत्साह का माहौल है।
