Ratlam News: अतिवृष्टि और बाढ़ से निपटने के लिए नगर निगम अलर्ट, महापौर प्रहलाद पटेल ने दिए सख्त निर्देश

फायर स्टेशन पर बनेगा बाढ़ नियंत्रण कक्ष, आश्रय स्थल चिन्हित, नालों से अतिक्रमण हटाने और त्वरित राहत व्यवस्था पर जोर
रतलाम | ShabdExclusive.com
संभावित अतिवृष्टि और बाढ़ जैसी आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए रतलाम नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। महापौर प्रहलाद पटेल ने निगम अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की और राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
बैठक में नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया, निगम आयुक्त अनिल भाना, महापौर परिषद सदस्य विशाल शर्मा, धर्मेन्द्र व्यास सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
गोमदड़े पुल से हटेंगी बाधाएं, नालों की होगी सफाई
महापौर ने निर्देश दिए कि गोमदड़े पुल के भीतर पानी के बहाव में बाधा बनने वाली अनावश्यक पाइप लाइनें रेलवे के समन्वय से हटाई जाएं। साथ ही नाले में गिरे स्लैब को तत्काल हटाकर जल निकासी को सुचारु बनाया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी पार्षदों के फोन कॉल अनिवार्य रूप से रिसीव करें, ताकि वार्डों में अतिवृष्टि से उत्पन्न समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सके।
फायर स्टेशन पर बनेगा नियंत्रण कक्ष
नगर निगम सीमा में बाढ़ या जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए फायर स्टेशन कार्यालय में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों के विशेष दल भी गठित किए जाएंगे।
इसके अलावा निर्देश दिए गए कि—
क्षतिग्रस्त पुलियाओं को चिन्हित कर रेडियम लगाए जाएं।
जलभराव वाले क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाया जाए।
नाले-नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
सीवरेज समस्या के समाधान के लिए विशेष कर्मचारियों की तैनाती हो।
खुले मैनहोल, चैंबर और ढक्कनों को तत्काल सुरक्षित किया जाए।
आठ भवन बनाए गए अस्थायी आश्रय स्थल
आपदा की स्थिति में नागरिकों को सुरक्षित ठहराने के लिए नगर निगम ने कई भवनों को अस्थायी राहत शिविर के रूप में चिन्हित किया है। इनमें—
गांधीनगर कम्युनिटी हॉल
ईश्वर नगर विद्यालय भवन
शैरानीपुरा जमातखाना
अंबेडकर मांगलिक भवन (पोलोग्राउंड)
अलकापुरी कम्युनिटी हॉल
धीरजशाह नगर रॉयल हॉल
भवन निर्माण कला केंद्र, बिरियाखेड़ी
श्री जैन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सागोद रोड
शामिल हैं। इन सभी स्थलों पर कर्मचारियों की नियुक्ति भी की जाएगी।
राहत सामग्री और स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष जोर
महापौर ने आवश्यक राहत सामग्री, पंप, स्वच्छ पेयजल, जल शुद्धिकरण रसायन, कीटनाशकों, टॉर्च, पेट्रोमैक्स, तैराकों और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा ऋतु में सड़ी-गली सब्जियों और फलों के वैज्ञानिक निस्तारण, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में कार्यपालन यंत्री महेश सिरोहिया, राहुल जाखड़, सहायक यंत्री अनवर कुरेशी, नीलेश पंचोली, उपयंत्री बी.एल. चौधरी, मनीष तिवारी, विनोद पाटीदार, अनमोल निर्मल, झोन प्रभारी पर्वत हाड़े, आशीष चौहान, विनय चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
