जनभागीदारी से सुदृढ़ हुई सैलाना की सुरक्षा: व्यापारियों के सहयोग से पुनः चालू हुए बंद पड़े 24 सीसीटीवी कैमरे

थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने जताया आभार; व्यापारियों ने मुख्य बाजार में स्टंट और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की
सैलाना। नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लंबे समय से बंद पड़े 24 सीसीटीवी कैमरों को स्थानीय व्यापारी संगठनों के आर्थिक सहयोग से दुरुस्त कर पुनः चालू कर दिया गया है। इससे अब पुलिस को नगर में अपराधों की रोकथाम, सघन निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में बड़ी मदद मिलेगी।
दरअसल, हाल के दिनों में नगर में हुई चोरी और अन्य संगीन घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी खराबी और रखरखाव के अभाव में कई सीसीटीवी कैमरे बंद मिले थे। इसके चलते पुलिस को जांच में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और कई मामलों में व्यापारियों द्वारा अपनी दुकानों पर लगाए गए निजी कैमरों की फुटेज का सहारा लेना पड़ा। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर के व्यापारी संगठनों ने कैमरों की मरम्मत के लिए आर्थिक सहयोग देने की अनूठी पहल की। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए नगर के प्रमुख स्थानों पर स्थापित 24 सीसीटीवी कैमरों और उनके केबल्स (लाइन) को दुरुस्त कराया।
व्यापारी संगठनों और अभिभाषक संघ ने बढ़ाया मदद का हाथ
कैमरों की मरम्मत पर आने वाला पूरा खर्च सैलाना मंडी व्यापारी एसोसिएशन, खाद-बीज-दवाई विक्रेता संघ, किराना व्यापारी संघ और सर्राफा एसोसिएशन ने मिलकर वहन किया है। थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने सभी व्यापारी संगठनों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए नगर में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने की आवश्यकता बताई। इस पर व्यापारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस आवश्यक कैमरों का एस्टीमेट तैयार करे, भविष्य में भी व्यापारियों का सहयोग इसी तरह जारी रहेगा। वहीं, सामाजिक सरोकारों में आगे रहते हुए सैलाना अभिभाषक संघ ने भी इस पुनीत कार्य के लिए 10 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की है।
इस गरिमामयी अवसर पर मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष इंद्रेश चंडालिया, नवदीप मेहता, प्रीतेश लोढ़ा, खाद-बीज-दवाई संघ अध्यक्ष जानकीदास बैरागी, बुरहान लुकमानी, निखिल माहेश्वरी, किराना संघ अध्यक्ष संजय मांडोत, सर्राफा एसोसिएशन से जितेंद्र रांका, महेंद्र ग्वालियरी तथा अभिभाषक निरंजन गुप्ता सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य बाजार में तेज रफ्तार और स्टंट पर व्यापारियों ने जताई चिंता
सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से चालू होने के बाद थाना प्रभारी ने व्यापारियों को थाने में स्थापित मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से पूरे सीसीटीवी नेटवर्क की कार्यप्रणाली दिखाई। इस दौरान उपस्थित व्यापारियों ने मुख्य बाजार में तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल दौड़ाने और खतरनाक स्टंट करने वाले युवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
व्यापारियों का कहना था कि इन लापरवाह वाहन चालकों के कारण बाजार में कभी भी कोई बड़ा और गंभीर हादसा हो सकता है। इस पर थाना प्रभारी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि ऐसे हुड़दंगी वाहन चालकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध जल्द ही प्रभावी और सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
