विश्व आदिवासी दिवस 2026: रतलाम में निकलेगी विशाल जन-जागृति रैली, पोलो ग्राउंड पर होगी आमसभा

रतलाम, 8 अगस्त। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त 2026, रविवार को रतलाम शहर में आदिवासी समाज द्वारा विशाल जन-जागृति रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली का उद्देश्य जल, जंगल, जमीन, प्रकृति, पर्यावरण, आदिवासी संस्कृति, परंपराओं एवं संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करना है।
यह आयोजन आदिवासी एकता परिषद, अखिल भारतीय भील समाज, जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस), आदिवासी छात्र संगठन, महाराणा पूंजा जनकल्याण संगठन, वीर एकलव्य आदिवासी सामाजिक सेवा संस्थान, मध्य प्रदेश अजाक्स संगठन, आदिवासी परिवार, शबरी संदेश-शबरी धाम आश्रम संस्था, युवा भील संगठन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार रैली का शुभारंभ प्रातः 9 बजे बिरसा मुंडा प्रतिमा परिसर, बाजना बस स्टैंड (सागोद रोड) से होगा। रैली शहर के प्रमुख मार्गों—लक्कड़पीठा, चांदनी चौक, तोपखाना, गणेश देवरी, डालू मोदी बाजार, नाहरपुरा, कॉलेज रोड, नगर निगम एवं अंबेडकर सर्किल—से होकर गुजरेगी और दोपहर 2 बजे पोलो ग्राउंड में आमसभा के रूप में परिवर्तित होकर संपन्न होगी।
रैली में समाजजन पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण एवं वाद्ययंत्रों के साथ शामिल होंगे। पारंपरिक नृत्य, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आदिवासी समाज अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति संरक्षण का संदेश देगा। आयोजकों ने कहा कि पर्यावरण, जल, जंगल और जमीन का संरक्षण केवल आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि समूचे मानव समाज के अस्तित्व के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार, पूर्व विधायक दिलीप मकवाना, जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा, विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समाज के वरिष्ठजनों ने समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
आयोजकों ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का दिन है। रैली के माध्यम से समाज में एकता, जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
— शब्द एक्सक्लूसिव डिजिटल डेस्क (स्थानीय संवाददाता)
