मध्य प्रदेशरतलामसैलाना

नर्सिंग विद्यार्थियों के 16 मुद्दों पर विधायक डोडियार की हुंकार, CM को लिखा पत्र; समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

रतलाम/भोपाल: मध्य प्रदेश के हजारों नर्सिंग विद्यार्थियों की लंबित समस्याओं को लेकर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और चिकित्सा शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। विधायक ने परीक्षा परिणाम, छात्रवृत्ति, डेटा ट्रांसफर, पंजीयन, नर्सिंग काउंसिल और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े 16 प्रमुख मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई है।

11 अगस्त 2026 को भेजे गए पत्र में डोडियार ने कहा कि नर्सिंग विद्यार्थी लंबे समय से प्रशासनिक और प्रक्रियागत बाधाओं का सामना कर रहे हैं। परीक्षा परिणामों में देरी, छात्रवृत्ति लंबित रहने, डेटा ट्रांसफर और रजिस्ट्रेशन की समस्याओं के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई, प्रशिक्षण और रोजगार प्रभावित हो रहे हैं।

परीक्षा परिणाम और छात्रवृत्ति पर जोर

विधायक ने जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग सहित सभी पाठ्यक्रमों के लंबित परीक्षा परिणाम तत्काल जारी करने की मांग की है। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की रुकी हुई छात्रवृत्ति जल्द जारी करने और डेटा ट्रांसफर संबंधी मामलों का निराकरण करने की बात कही है।

उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति और शासकीय सुविधाओं से वंचित विद्यार्थियों को राहत देने के लिए संबंधित पोर्टलों पर लंबित डेटा तुरंत अपडेट किया जाना चाहिए।

नर्सिंग काउंसिल और रजिस्ट्रेशन व्यवस्था पर सवाल

डोडियार ने सभी पात्र विद्यार्थियों के लंबित पंजीयन और रजिस्ट्रेशन को प्राथमिकता से पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने नर्सिंग काउंसिल एवं रजिस्ट्रार कार्यालय में लंबित मामलों के निराकरण के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय करने का सुझाव भी दिया है।

पत्र में नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार पद पर योग्य और अनुभवी नर्सिंग विशेषज्ञ की नियुक्ति की मांग करते हुए कहा गया है कि तकनीकी और शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए क्षेत्र विशेषज्ञों की आवश्यकता है।

कथित अनियमितताओं की जांच की मांग

विधायक ने परीक्षा, पंजीयन, डेटा सुधार और छात्रवृत्ति प्रक्रियाओं के नाम पर विद्यार्थियों से कथित अवैध वसूली और दलाली की शिकायतों की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी उठाई है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता बताई।

फैकल्टी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग

पत्र में नर्सिंग एवं पैरामेडिकल शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, कॉलेजों में फैकल्टी की कमी दूर करने, योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने तथा मान्यता प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की गई है। साथ ही ईडब्ल्यूएस सहित सभी पात्र विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति व्यवस्था को सरल और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है।

“नर्सिंग विद्यार्थी स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़”

विधायक डोडियार ने कहा कि नर्सिंग विद्यार्थी प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यदि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हुआ तो इसका सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ेगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री से नर्सिंग विद्यार्थियों के मुद्दों पर उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर समाधान की स्पष्ट समय-सीमा घोषित करने की मांग की है।

आंदोलन की चेतावनी

पत्र में विधायक ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय-सीमा में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो नर्सिंग छात्र संगठन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदेशव्यापी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

नर्सिंग शिक्षा से जुड़े परीक्षा परिणाम, पंजीयन और छात्रवृत्ति जैसे मुद्दे प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से सीधे जुड़े हैं। ऐसे में अब निगाहें सरकार की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

शब्द एक्सक्लूसिव |
रिपोर्ट: रतलाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *